D30 – कॉकरोच का तांडव और लोकतंत्र का हंगामा
पी. के. लाल ने अखबार पढ़ कर, टेंशन में उसे टेबल पर पटकते हुए, मोबाइल निकाला और चिल्लाए,
कुन्नू जी कहां हैं आप? और ये आप के पीछे इतना शोर क्यों है?
कुन्नू जी बोले, पी के जी मैं सड़क पे हूं।
पी के बुरी तरह चौंके और हैरत से चिल्लाए,
अरे कुन्नू जी ये मैं क्या सुन रहा हूं? आप सड़क पे आ गए?
अब चौंकने की बारी कुन्नू जी की थी, झल्ला के बोले,
अरे नहीं भाई मैं रोड पर कहीं जा रहा था, और अब तो लगता है सारा देश ही रोड पे आ गया हो?
ना ना किन्नू जी, रोड पे ला दिया है, बस हाथ में कटोरा देने की देर रह गई है,
मारता क्या न करता, राजनीतिक दल भी सड़क पर आ हंगामा करने लगे, लीक से भन्नाए कॉकरोचौं ने तो जैसे देश को ही सर पर उठा लिया है, और “मालिकों” को दिन में तारे दिखा रहे हैं।
व्यवस्था नामी अव्यवस्था की नाक में दम कर रखा है,
कुन्नू जी दुखी से बोले,
हां पी. के. जी सारे देश में
हंगामा ही हंगामा है.. पी के बोले,
अरे कुन्नू जी इस हंगामे से तो अखबार भी पटा पड़ा है। सुबह से पढ़ रहा हूं, कहीं युवा प्रदर्शन कर रहे हैं, कहीं राजनीतिक दल धरना दे रहे हैं, तो कहीं पुलिस बैरिकेड लगा रही है, और कहीं नेता बैरिकेड पर चढ़ कर चेता रहे हैं, कि राजनीति में 56″ गया, अब तो फिटनेस का फैशन है।
कुन्नू जी जोश में बोले,
और इन सबके बीच अपना कॉकरोच भी तांडव मचाए है!
बिल्कुल। पी. के. लाल ने हां में हां मिलाई, कॉकरोचौं ने जुलाई में अशिक्षा मंत्री की बलि ली, और अब “अचुनावी ज्ञानी” की बलि चाह रहे हैं।
कुन्नु जी ने अपना ज्ञान बघारा, तो मतलब ये कि, कॉकरोच ने राजनीति में भी अपना घर बना लिया?
कुन्नू जी, अरे
घर क्या बनाया, ये तो पूरी व्यवस्था की रसोई में घुस गया है! लेकिन कॉकरोच की खासियत क्या है, जानते हैं?
उसे जितना भगाओ, वह उतना ही उल्टी दिशा में भागता है।
कुन्नू जी बोले, बिल्कुल! और राजनीति में भी यही नियम लागू होता है। एक मुद्दा खत्म नहीं हुआ, कि दूसरा मुद्दा प्लेट में सज कर आ गया।
पी. के. लाल ने होशियार किया,
लेकिन कुन्नू जी, इस बार मामला बड़ा गंभीर है।ज्ञानी जी ने ज्ञान दिया है कि, मतदाता सूची को साफ-सुथरा और सही करना बहुत ज़रूरी है। और जनता बीच में खड़ी, पूछ रही है, हमारा नाम आखिर किस सूची में है?
और लोकतंत्र असहाय सा सड़क किनारे खड़ा, इन खिलाड़ियों का तांडव देख रहा है।
_एम. शहबाज़